जाहलमा नाले में बीमार महिला को लेकर आते लोग। संवाद
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। जाहलमा नाले के मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई। ऐसे मुश्किल समय में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की मशीन एक महिला मरीज के लिए जीवनदायिनी साबित हुई। बीमार महिला को एलएनटी मशीन से जाहलमा नाला पार करवाया गया।
शैनूर निवासी शांति देवी का उपचार सिविल अस्पताल उदयपुर में चल रहा था। उनकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर कर दिया लेकिन इसी दौरान जाहलमा नाले में पानी का बहाव तेज हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर बीआरओ ने अस्थायी सड़क पर लगाए गए आरसीसी पाइप और पैदल आवाजाही के लिए लगाए गए गार्डर भी हटा दिए थे।
ऐसे में बीआरओ कर्मियों ने मानवता का परिचय देते हुए महिला को एलएनटी मशीन के बकेट में बैठाकर उफनते नाले के पार सुरक्षित पहुंचाया। दूसरी ओर पहले से तैयार खड़ी एंबुलेंस में मरीज को शिफ्ट कर कुल्लू के लिए रवाना किया गया।
उदयपुर अस्पताल में तैनात डॉ. हिमेश ठाकुर ने बताया कि शांति देवी को छाती में संक्रमण के साथ सांस लेने में गंभीर परेशानी थी। उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए कुल्लू रेफर किया गया था। समय रहते बीआरओ के सहयोग से मरीज को सुरक्षित अस्पताल के लिए रवाना कर दिया गया।
जाहलमा नाले में बीमार महिला को लेकर आते लोग। संवाद