मनाली में नप के द्वारा हटाए गए दुकानों के विरोध में प्रदर्शन करते व्यापार मंडल व दुकानदार।-संव
मनाली (कुल्लू)। नगर परिषद मनाली की ओर से अतिक्रमण को लेकर की गई कार्रवाई के बाद शनिवार को व्यापारी नगर परिषद कार्यालय पहुंचे। व्यापार मंडल ने नगर परिषद कार्यालय में कार्रवाई को पूरी तरह से गलत ठहराया। बीते शुक्रवार को नगर परिषद ने दुकान से आगे सामान लगाने वालों पर शिकंजा कसा था।
व्यापार मंडल के पदाधिकारी और दुकानदार नगर परिषद के कार्यालय पहुंचे तो उन्हें न अध्यक्ष मिले और न ही कार्यकारी अधिकारी। व्यापार मंडल मनाली के प्रधान अमर सिंह ने कहा कि दुकानदारों का सामान जब्त किया गया, लेकिन इसके लिए कूड़े की गाड़ी का प्रयोग किया गया। सामान जब्त कर कूड़े की गाड़ी में डाला गया।
इससे उनका सामान खराब हो गया। इसके अलावा नगर परिषद ने यह रिकॉर्ड भी नहीं रखा कि किसका कितना सामान जब्त किया गया है। कहा कि ऐसे समय में यह कार्रवाई की गई जब आपदा से कामकाज ठप पड़ा हुआ है।
नगर परिषद के उपाध्यक्ष मनोज लारजे ने बताया कि व्यापार मंडल को आश्वासन दिया गया है कि समस्या का समाधान किया जाएगा। व्यापार मंडल के साथ बैठक कर मसले को हल किया जाएगा। इस दौरान महासचिव भरत ठाकुर, रिंपी, कुबेर अवस्थी, चेरिंग थॉमस, गुलाटी, मनोज सूद आदि मौजूद रहे। संवाद
000