भुंतर के खेलकूद प्रतियोगिता के शुभांरभ मौके पर नाटी डालती छात्राएं।-संवाद
भुंतर (कुल्लू)। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भुंतर में शुक्रवार को तीन दिवसीय राज्यस्तरीय अंडर-14 छात्रा वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ एडीएम कुल्लू सुरजीत सिंह राठौर ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर की 500 से अधिक छात्राएं भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, जूडो और कुश्ती सहित विभिन्न खेल आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता के पहले दिन मार्चपास्ट में कुल्लू ने पहला, शिमला ने दूसरा और मंडी ने तीसरा स्थान हासिल किया।
कबड्डी के पहले मुकाबले में शिमला ने बिलासपुर को हराकर दूसरे चरण में प्रवेश किया। खो-खो में सिरमौर ने बिलासपुर को हराकर अगले दौर में जगह बनाई। वहीं, वॉलीबॉल के पहले मुकाबले में किन्नौर ने हमीरपुर को हराया। मुख्य अतिथि सुरजीत सिंह राठौर ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि बेटियां खेल के मैदान से लेकर हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं।
उन्होंने छात्राओं से अनुशासन और खेल भावना बनाए रखने की अपील की। साथ ही उन्हें प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य तिलक राज ने अतिथियों, विभिन्न स्कूलों से आए प्रधानाचार्यों, दल प्रभारियों, अध्यापकों और प्रतिभागी खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर यूथ कांग्रेस कुल्लू के महासचिव गिरिश ठाकुर, कार्तिक चौधरी, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष गौरव ठाकुर, बीडीसी सदस्य श्याम रखा, उपप्रधान विपिन शर्मा और रोनिक ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। 11 अक्तूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न खेल स्पर्धाओं के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। संवाद