सैंज (कुल्लू)। घाटी की ग्राम पंचायत रैला-दो के मझाण गांव में भेड़-बकरियां अज्ञात बीमारी की चपेट में आ गई हैं। इससे एक दर्जन भेड़-बकरियां मर गई हैं। अन्य भेड़, बकरियों पर खतरा लगातार बना हुआ है।
बीमारी की वजह से भेड़ व बकरियां मरने से भेड़पालक यान सिंह और संगत राम को नुकसान हुआ है। इस बारे में पशुपालन विभाग के कर्मचारियों को सूचित किया गया है। भेड़पालकों का मानना है कि भेड़-बकरियों के मरने का क्रम नहीं रुक रहा है। भेड़पालक बनवारी लाल, यान सिंह, संगत राम, कांशी राम, प्रीतम चंद, पूर्ण चंद, भाग चंद ने कहा कि इस अज्ञात बीमारी से फेफड़े ही जाम हो रहे हैं। इससे पहले मरी हुई भेड़, बकरियों की पड़ताल में पशु चिकित्सकों ने उसे एक तरह के फ्लू का नाम दिया था। पशु चिकित्सा अधिकारी सैंज अश्मिता आनंद ने कहा कि पंचायत प्रधान की ओर से सूचना मिली है। बीमारी का पता लगाने के लिए टीम को मौके पर भेजा जाएगा।