पतलीकूहल (कुल्लू)। राजकीय उच्च विद्यालय शलीण का तीन मंजिला भवन आधुनिक तकनीक से पुनर्निर्मित किया जाएगा। स्कूल भवन के निर्माण के लिए पर्यटन क्षेत्र की संस्था मेक माई ट्रिप चार करोड़ रुपये का बजट खर्च करेगी। भवन निर्माण के लिए जिला प्रशासन ने आलू ग्राउंड के समीप चार बीघा भूमि आवंटित की है। निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। भवन बनने से विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को राहत मिलेगी।
गौर रहे कि प्राकृतिक आपदा के दौरान ब्यास नदी का जलस्तर बढऩे से आई बाढ़ में विद्यालय का पुराना भवन बह गया था, जिससे विद्यार्थियों को शिक्षा ग्रहण करने में दिक्कते पेश आ रहीं थी, लेकिन भवन का निर्माण होने से विद्यार्थियों को शिक्षा संबंधी परेशानी नहीं आएगी। राजकीय उच्च विद्यालय शलीण के भवन को आधुनिक तकनीक से तैयार किया जाएगा।
इसके लिए विभागीय औपचारिकताएं पूर्ण कर मेक माई ट्रिप ने निर्माण कार्य को आरंभ कर दिया है। विद्यालय दोबारा ब्यास की बाढ़ की चपेट में न आए, इसके लिए भवन की चहारदीवारी और सुरक्षा दीवार आरसीसी की बनाई जाएगी। स्थानीय ग्राम पंचायत शलीण के प्रधान पालदन ने कहा कि भवन का पुनर्निर्माण क्षेत्र के बच्चों के लिए बड़ी सुविधा लेकर आएगा। बच्चों को 17 महीने का इंतजार करना पड़ा है, लेकिन अब निर्माण शुरू होने से उम्मीद जगी है।
एसडीएम मनाली रमण कुमार शर्मा ने कहा कि मेक माई ट्रिप संस्था के आग्रह पर कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण कर आलू ग्राउंड के समीप चार बीघा भूमि विद्यालय के भवन निर्माण के लिए प्रशासन की ओर से दी गई है।
कुल्लू-मनाली जैसे पर्यटन स्थलों के दम पर ही मेक माई ट्रिप संस्था आगे बढ़ी है। लिहाजा आपदा के समय इसके पुनर्निर्माण का मौका मिलने से वे गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। राजकीय उच्च विद्यालय शलीण के भवन को जल्द तैयार किया जाएगा। इस पर चार करोड़ का बजट खर्च किया जाएगा। -सुहेल, नॉर्थ जोन प्रभारी, मेक माई ट्रिप।
बाढ़ की विभीषिका से जूझ रहे कुल्लू-मनाली के पुनर्निर्माण के लिए संस्थाओं का आगे आना अच्छी बात है। मेक माई ट्रिप संस्था ने राजकीय उच्च विद्यालय शलीण के भवन निर्माण का जिम्मा उठाया है। संस्था की इस पहल से विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिलेगी।
-भुवनेश्वर गौड़, विधायक, मनाली