कुल्लू। जम्मू में आतंकवादियों से लोहा लेते शहीद हुए खराहल घाटी के पूईद गांव के बालकृष्ण की शहर में प्रतिमा बनाई जाएगी। इसके साथ खराहल में ही शहीद के नाम पर स्मृति वन बनाया जाएगा। यह बात शुक्रवार को शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने शमशी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
कहा कि कोरोना से हालातों पर काफी असर हुआ है। लेकिन अब समय भय से बाहर निकलने का आ गया है। हमें कोरोना से जंग लड़नी होगी। कोरोना काल के दौरान सरकार ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में सराहनीय कार्य किया। सांसद रामस्वरूप शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व के चलते आज देश कोरोना से जंग लड़ने के लिए सीना तान के खड़ा है। प्रदेश सरकार ने पर्यटन की दृष्टि से उचित कदम उठाए हैं। पूर्व सांसद महेश्वर सिंह ने कहा कि कुछ महीनों बाद विजयदशमी का पर्व मनाया जाना है। तब तक उम्मीद है कि कोरोना खत्म हो जाए। ऐसे विकट समय में करीब 13 करोड़ की स्कीमें जनता को देकर मुुख्यमंत्री ने कुल्लू पर मेहरबानी की है। कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि कोरोना के इस संकट में उनकी ओर से जो सहयोग की आवश्यकता होगी, वह की जाएगी। काफी समय से लंबित पड़ी पानी की स्कीमों में तेजी लाई जाए। कोरोना में जिला पर्यटन कारोबार काफी प्रभावित हुआ है। मुख्यमंत्री स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पर्यटन के लिए पैकेज दे सकते हैं। इस दौरान विधायक सुरेंद्र शौरी, विधायक किशोरी लाल सागर, भाजपा उपाध्यक्ष राम सिंह, धनेश्वरी ठाकुर, मुख्य सचिव अनिल खाची, डीजीपी संजय कुंडू, युवराज बोध, रमेश शर्मा, अमर ठाकुर आदि मौजूद रहे।
ढोल-नगाड़ों की थाप पर डाली नाटी
कुल्लू। मुख्यमंत्री तय कार्यक्रम से करीब आधा घंटा देरी से शमशी पहुंचे। ऐसे में पूर्व सांसद महेश्वर सिंह ने आईटीआई परिसर में कुल्लवी नाटी डालकर सबका मनोरंजन किया। सामाजिक दूरी के साथ महेश्वर सिंह ने अपने समर्थकों के साथ नाटी डाली और तब तक झूमते रहे जब तक मुख्यमंत्री का काफिला नहीं आया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर उन्होंने पहाड़ी गीतों के साथ नाटी डाली।