दशहरा उत्सव की रथयात्रा के दौरान उड़ता हुआ पैराग्लाइडर, पायलट ने खराहल के डोभी में आपात्त लेंडि
कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव की रथयात्रा के दौरान बड़ी चूक देखने को मिली है। लगवैली की तरफ से एक पैराग्लाइडर पायलट उड़ता रहा। पायलट ने खराहल घाटी के गांव डोभी में आपात लैंडिंग की।
जिस समय ढालपुर में रथयात्रा शुरू होने ही वाली थी कि करीब 10 मिनट पहले एक पैराग्लाइडर पायलट काफी अधिक ऊंचाई पर उड़ता हुआ नजर आया। जैसे ही यह पैराग्लाइडर ऊंचाई पर दिखा तो सबका ध्यान उस ओर चला गया। पीज पैराग्लाइडिंग साइट की लैंडिंग ढालपुर मैदान में होती है। मैदान में मेला सजा हुआ है। ऐसे में यह पैराग्लाइडर पायलट कहां से उड़ा, इसको लेकर सब हैरान हैं।
पैराग्लाइडर को उड़ाने वाला पायलट काफी देर तक हवा में ही रहा। जब उसे उतरने के लिए कोई जगह नहीं मिली तो उसने ब्यास के दूसरी तरफ जाना ही उचित समझा। ब्यास के दूसरी तरफ डोभी में पायलट ने आपात लैंडिंग की। दशहरा के दौरान इस तरह पैराग्लाइडिंग करना सुरक्षा में चूक मानी जा रही है।
दशहरा की रथयात्रा के दौरान प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मंच पर विराजमान थे। इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव चौहान ने कहा कि पैराग्लाइडर पायलट कौन था, किसने उड़ाया है, पुलिस इसका पता लगा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। संवाद