कुल्लू। तीन साल बाद बड़े स्तर पर मनाए जा रहे कुल्लू दशहरा को लेकर पुलिस ने सुरक्षा को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। दशहरा में लोगों की सुरक्षा को लेकर 1,600 पुलिस व होमगार्ड के जवानों को तैनात किया जाएगा। वहीं कुल्लू जिले के 500 जवानों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं। पांच अक्तूबर से शुरू होने वाले अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के आयोजन के लिए जिला प्रशासन की ओर से लगातार बैठकों कर दौर जारी है। दशहरा में सुरक्षा के उचित प्रबंध के लिए पुलिस प्रशासन के अधिकारी मंथन करने में जुटे हैं। 11 अक्तूबर तक मनाए जाने वाले दशहरा में उमड़ने वाली लाखों की भीड़ की सुरक्षा के लिए पुलिस महकमे ने भी कमर कस ली है और इसके लिए 1600 पुलिस व होमगार्ड के जवानों की तैनाती की जाएगी। इसके लिए प्रदेश की पुलिस बटालियनों से पुलिस जवानों को भी बुलाया जाएगा। वहीं जिला के 500 से अधिक जवानों की छुट्टियों को भी रद्द कर दिया गया है और यह आदेश दिवाली तक लागू रहेंगे। जवानों को मात्र आपातकालीन अवकाश ही मिलेगा।
चवरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुल्लू गुरदेव शर्मा ने कहा कि जिले में तैनात 500 से अधिक पुलिस जवानों के अवकाश रद्द कर दिए गए हैं। दशहरा में लोगों की सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए बाहर से कितनी पुलिस फोर्स मंगवानी है इस पर भी चर्चा की जा रही है। शहर के संवेदनशील इलाकों में 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे। वहीं ढालपुर में एक निगरानी टावर भी बनाया जाएगा।