कुल्लू। नग्गर विकास खंड की रियाड़ा और जाणा पंचायत भवनों पर जल्द दूसरी मंजिल तैयार होगी। इससे पंचायत वासियों को काफी सुविधा मिलेगी।
पंचायती राज विभाग ने 12.74 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। भवनों की दूसरी मंजिल में सभा हाल का निर्माण किया जाएगा ताकि ग्रामसभा और पंचायत की अन्य बैठक आयोजित करने में किसी तरह की परेशानी न हो। पंचायती राज विभाग ने रियाड़ा पंचायत के सभा हाल निर्माण के लिए 7 लाख और जाणा के सभा हाल को 5.74 लाख रुपये जारी किए हैं। वर्तमान में दोनों पंचायतों के पास एक ही मंजिला भवन है जिसमें एक हाल है। पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मचारियों को तंगहाली में बैठना पड़ रहा है। पंचायत की ओर से भवन की दूसरी मंजिल तैयार करने का प्राक्कलन विभाग को भेजा गया था जिसे स्वीकृत करते हुए बजट का प्रावधान कर दिया गया है।
रियाड़ा पंचायत की प्रधान मोनिका ठाकुर का कहना है कि पंचायत भवन में बैठने की जगह बहुत कम है। एक ही हाल में प्रतिनिधि और कर्मचारी बैठते हैं। बैठक आयोजित करने के लिए जगह कम पड़ जाती है। ऐसे में हाल की जरूरत है। अब विभाग की ओर से दूसरी मंजिल बनाने के लिए धन उपलब्ध करवाया गया है जिससे यह समस्या दूर हो जाएगी।
इधर, जाणा पंचायत के प्रधान लक्ष्मण सिंह का कहना है कि पंचायत भवन में एक ही कमरा है। इसमें प्रधान, उप प्रधान, पंचायत सचिव सहित सभी इसी कमरे में बैठते हैं। ग्रामसभा और अन्य बैठकें आयोजित करने के लिए स्कूल भवन का इस्तेमाल करना पड़ता है। इसके चलते पंचायत भवन में हाल की जरूरत थी। अब बजट का प्रावधान हो गया है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।
जिला पंचायत अधिकारी दया राम ठाकुर का कहना है कि दोनों पंचायतों का बजट संबंधित खंड विकास अधिकारी को जारी किया गया है। जल्द ही निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा।
000