पुजाली में साल से नहीं लगी भौतिक विज्ञान की कक्षा
स्कूल में शिक्षकों के चार पद रिक्त, पढ़ाई प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। उपमंडल बंजार के तहत आने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पुजाली में एक साल पहले विज्ञान संकाय आरंभ किया गया है, लेकिन यहां अभी तक भौतिक विज्ञान की एक भी कक्षा नहीं लग पाई है। स्कूल में भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता का पद खाली चल रहा है, तो गणित प्रवक्ता का पद विद्यालय के लिए स्वीकृत ही नहीं किया गया है। ऐसे में विद्यार्थी कैसे मेडिकल और नॉन मेडिकल की पढ़ाई कर पाएंगे। हालात ये हैं कि भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता के अलावा तीन अन्य शिक्षकों के पद भी खाली पड़े हैं। अध्यापकों का टोटा होने से 250 विद्यार्थियों को परेशान होना पड़ रहा है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पुजाली में में भौतिक विज्ञान, इतिहास के प्रवक्ता और टीजीटी आर्ट्स और टीजीटी साइंस के पद खाली पड़े हैं। विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2024-25 में 250 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनके भविष्य की अभिभावकों को चिंता सता रही है। अभिभावक स्कूल प्रबंधन समिति की बैठकों में इस मुद्दे को कई बार उठा चुके हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों से भी स्कूल में शिक्षकों के पद भरने की मांग की गई है। बावजूद इसके समस्या का समाधान नहीं किया गया है। वहीं, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष टिकम राम कुल्लवी ने कहा कि हाल ही में समिति की बैठक आयोजित की गई थी। इसमें अभिभावकों ने निर्णय लिया है कि अगर जल्द शिक्षकों के पद नहीं भरे गए तो समिति बच्चों के भविष्य को देखते हुए सरकार व शिक्षा विभाग के खिलाफ धरना प्रदर्शन करेगी। इस संंबंध में प्रधानाचार्य पीएस ठाकुर ने कहा कि शिक्षकों के रिक्त पदों का ब्योरा शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों को पत्राचार के माध्यम से बताया गया है।