कुल्लू। सावन मास के सात प्रविष्टे को देवता सत्य नारायण का साते जाच मेला (उत्सव) 22 और 23 जुलाई को मनाया जाएगा। 22 जुुलाई को शोभायात्रा के साथ मेले का शुभारंभ होगा।
शनिवार सुबह देवता नारायण अपने देवालय से मेला स्थल पर आएंगे। जहां गांव बनाला, फनौटी और जुहड़ के ग्रामीण देवता का स्वागत करेंगे। इस बार मेला दो दिनों तक मनाया जाएगा।
मेले में पहली बार महिलाओं की पारंपरिक कुल्लवी नाटी होगी। महिलाओं की रस्साकशी प्रतियोगिता भी करवाई जाएगी। बनाला, जुहड़, फनौटी के साथ आसपास के अन्य लगौटी एवं करशैईगाड़ पंचायतों के महिला मंडल भी मेले में शिरकत कर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
मेले का आयोजन बनाला, फनौटी और जुहड़ गांव की ओर से किया जाएगा। मेले को लेकर रघुपुरघाटी के लोगों में उत्साह है। चमन लाल, उगम राम, रमेश चंद, किशोरी लाल तथा राजू राठौर ने कहा कि मेले में लोगों को देवता नारायण के दर्शन और आशीर्वाद लेने का अवसर मिलेगा।
देवनृत्य के साथ महिला मंडलों की नाटी लोगों का मनोरंजन करेंगी। उन्होंने कहा कि रस्साकशी स्पर्धा में प्रथम रहने वाले महिला मंडल को 11,000 रुपये का इनाम दिया जाएगा। दूसरे स्थान पर 7000 और मेले में भाग लेने वाले सभी महिला मंडलों को प्रोत्साहन स्वरूप 2100-2100 रुपये की राशि दी जाएगी। संवाद