ढालपुर खेल मैदान में राजकीय महाविद्यालय कुल्लू की 39वीं एथलीट मीट प्रतियोगिता शुरू हो गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य यशपाल महंत ने किया। अध्यक्षता कॉलेज प्रधानाचार्य डॉ. नंद लाल शर्मा ने की। प्रतियोगिता का आगाज मार्चपास्ट से किया गया। मार्चपास्ट में एनसीसी एयर विंग, एनसीसी आर्मी विंग, रोवर एंड रेंजर, ब्वॉयज एंड गर्ल्स हॉस्टल, एनएसएस तथा स्पोर्ट्स के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य यशपाल महंत ने कहा कि जीवन में खेलकूद का विशेष महत्व है। खेल छात्रों की शारीरिक के साथ-साथ मानसिक विकास के लिए जरूरी है। एथलीट मीट के प्रथम दिवस पर 1500 मीटर, 100 मीटर, 800 मीटर, 8000 मीटर और 1600 मीटर दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, शाटपुट आदि प्रतियोगिताएं करवाई गईं। छात्र वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में सोनू प्रथम, अरविंद दूसरे और अमन ठाकुर तीसरे स्थान पर रहे। 200 मीटर दौड़ में पूरन देव ने बाजी मारी। 800 मीटर दौड़ में निर्मल प्रथम, रजत दूसरे और खीमी राम तीसरे स्थान पर रहे।
100 मीटर दौड़ में जोगिंद्र प्रथम, सुशांत दूसरे और अरविंद तीसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा हाई जंप में संजय ने बाजी मारी। लांग जंप में निर्मल प्रथम रहा। छात्रा वर्ग की सौ मीटर दौड़ में मीता प्रथम, रोशनी दूसरे और हेम लता तीसरे स्थान पर रहीं। 800 मीटर दौड़ में संगीता ने बाजी मारी। लांग जंप प्रतियोगिता में रोशनी ने पहला स्थान हासिल किया। इस अवसर पर कॉलेज का अन्य स्टाफ भी मौजूद रहा।