स्वास्थ्य विभाग ने कुल्लू में पतंजलि के थोक कारोबारियों के यहां छापामारी की। विभाग की इस छापामारी से पतंजलि उत्पादों का कारोबार करने वाले कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने दो स्टोरों में छापामारी कर नौ उत्पादों के सैंपल भर कर जांच के लिए भेज दिए हैं।
शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने राज्य सरकार के आदेश पर कार्रवाई करते हुए छापामारी की। इस दौरान विभाग की टीम ने रामशिला स्थित स्टोर और शाढ़ाबाई स्थित स्टोर में छापामारी की। यहां से विभाग की टीम ने घी, तेल और दालों सहित नौ उत्पादों के सैंपल भर कर जांच के लिए भेजे हैं। विभाग की टीम को संदेह है कि इन दालों को चमकाने के लिए केमिकल का प्रयोग किया गया है। जबकि, घी और तेल में भी मिलावट है।
इसके आधार पर स्वास्थ्य विभाग ने उक्त कार्रवाई अमल में लाई है। इसके बारे में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कुल्लू भाविता टंडन ने बताया कि विभाग की टीम ने संदेह के आधार पर दोनों स्टोरों से विभिन्न खाद्य वस्तुओं के कुल नौ सैंपल लिफ्ट किए हैं। विभाग को संदेह है कि दालों को चमकाने के लिए केमिकल का प्रयोग किया गया है। जबकि, घी में में मिलावट हो सकती है। उन्होंने कहा कि सभी सैंपल भर कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अगर सैंपल फेल पाए जाते हैं तो आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।