सैंज घाटी के न्यूली-शैंशर मार्ग को खोलने में जुटी जेसीबी
न्यूली (कुल्लू)। जिला कुल्लू की सैंज-न्यूली-शैंशर सड़क भूस्खलन के कारण वाहनों की आवाजाही के लिए 14 घंटे बंद रही। न्यूली पावर हाउस के समीप बीते शनिवार की रात को भूस्खलन हुआ। इससे सड़क पर आवाजाही अवरुद्ध हो गई। सड़क के बंद होने से दोनों तरफ वाहन फंस गए। ग्रामीणों के साथ क्षेत्र के किसानों-बागवानों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सेब और सब्जियों से भरे वाहन भी सब्जी मंडियों तक समय पर नहीं पहुंच पाए। ग्रामीणों की सुविधा के लिए लोक निर्माण विभाग ने छोटे वाहनों के लिए सड़क रविवार सुबह 10:00 बजे के बाद बहाल की लेकिन बड़े वाहनों के लिए सड़क रविवार देर शाम खुली। सड़क बंद होने की सूचना मिलने के बाद विभागीय मशीनरी मौके पर पहुंची और सड़क बहाली का कार्य पूरा दिन जारी रहा। सैंज-न्यूली-शैंशर सड़क पिछले वर्ष जुलाई से लगातार भूस्खलन की चपेट में आ रही है। इसके कारण पांच ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सैंज-धाऊगी सड़क भी भूस्खलन की चपेट में आने से कुछ समय के लिए बंद रही।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता चमन ने कहा कि सैंज-न्यूली-शैंशर और सैंज धाऊगी सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया गया है।
-संवाद