मांगें न मानने पर आने वाले दिनों में दी हड़ताल करने की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। सैंज हाइडल प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन ने शुक्रवार को एचपीपीएसएल सैंज के कार्यालय शाढ़ाबाई के बाहर प्रदर्शन किया। धरने के दौरान यूनियन ने परियोजना प्रबंधन को मजदूरों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए मांग पत्र भी सौंपा।
सीटू के प्रदेश सचिव प्रेम गौतम ने कहा कि श्रमिकों को उनकी कार्य श्रेणी के अनुसार वेतन दिया जाए और स्पष्ट पदोन्नति नीति बनाई जाए। इसके अतिरिक्त न्यूनतम वेतन से 25 प्रतिशत अधिक भुगतान सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई।
यूनियन ने बोनस एक्ट 1965 के तहत प्रत्येक वर्ष बोनस दिए जाने, शिफ्ट में आने-जाने के लिए वाहन सुविधा उपलब्ध करवाने और वेतन भुगतान अधिनियम 1936 के अनुसार प्रत्येक माह की 7 तारीख से पहले वेतन देने की मांग भी रखी। श्रमिकों को साल में दो वर्दियां गर्मी और सर्दी के अनुसार प्रदान की जाएं और पावर हाउस और डैम में मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा किट उपलब्ध करवाई जाए। परियोजना में एबुलेंस की सुविधा प्रदान करने की मांग उठाई गई।
यूनियन ने प्रबंधन को चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो यूनियन गेट मीटिंग, धरना-प्रदर्शन और हड़ताल सहित ट्रेड यूनियन गतिविधियां शुरू करने को बाध्य होगी।