दुशाहड़ पंचायत ने ग्रामीणों के सहयोग से मार्ग पर आवाजाही करवाई शुरू
......................
संवाद न्यूज एजेंसी
लारजी (कुल्लू)। जिले की सैंज घाटी की ग्राम पंचायत दुशाहड़ के दस से अधिक गांवों की जीप योग्य सड़क को बहाल कर दिया गया है। इस सड़क को बहाल करने में तीन साल का समय लगा। ग्राम पंचायत ने सड़क को ग्रामीणों की सुविधा के लिए खोल दिया है, जिससे अब ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण सड़क जगह-जगह बंद हो गई थी। इसके कारण मरीजों, विद्यार्थियों के अलावा किसानों और बागवानाें को रोजाना परेशान होना पड़ रहा था। अब समस्या का समाधान होने से राहत मिलेगी।
ग्राम पंचायत दुशाहड़ की ओर से 1995 में सैंज-दुशाहड़ जीप योग्य सड़क का निर्माण किया गया था। यह सड़क तीन साल से भारी बरसात और भूस्खलन के कारण यातायात के लिए पूर्ण रूप से बंद थी। पंचायत ने ग्रामीणों के सहयोग से सड़क को बहाल किया है। ऐसे में अब खोडुनाल, नराड़ा, पटियारा, दुशाहड़, भुशल, कौशा, देवगढ़ आदि दस से अधिक गांवों का संपर्क आपस में जुड़ गया है।
इस संबंध में ग्राम पंचायत दुशाहड़ के प्रधान सुख दयाल ने कहा कि पंचायत के लिए अलग से कोई बजट सड़क को दुरुस्त करने के लिए नहीं मिला है। पंचायत के बजट से ही सैंज-दुशाहड़ मार्ग को बहाल किया गया है। पिछले तीन साल से ग्रामीणों को परेशान होना पड़ रहा था, लेकिन अब सड़क को बहाल कर दिया है।