सैंज में बदहाल देहुरी रोड पर जोखिम उठाकर सफर करने को मजबूर लोग, सड़क की खराब हालत से स्थानीय जन
सैंज (कुल्लू)। घाटी की दो ग्राम पंचायतों को जोड़ने वाली सैंज-देहुरी सड़क बदहाल है। साल 2023 की आपदा में सड़क कई जगहाें पर क्षतिग्रस्त हुई है, लेकिन लोक निर्माण विभाग तीन सालों के लंबे अंतराल के बाद भी मार्ग को बहाल नहीं कर पाया है। इससे मार्ग पर बस सेवा भी बंद है और छोटे वाहनों को धक्के मारकर निकालना पड़ रहा है।
बरसात के दिनों में सड़क कई जगहों पर क्षतिग्रस्त हो जाती है। इससे हालात और भी खराब हो जाते हैं। ग्राम पंचायत बनोगी और दुशाहड़ की जनता को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की पीठ से पिछले तीन सालों से बोझा नहीं उतर पाया है। ग्रामीण डूर सिंह, कौल सिंह, नरेश, गुड्डू, पुनीत, मनीष ने कहा कि विभाग मरम्मत कार्य कर रहा है, लेकिन कार्य की गति धीमी है।
सड़क तीन सालोें से बहाल नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि पंचायतों में बड़े वाहन न आने से निर्माण कार्य ठप हो गए हैं और आवश्यक सामान भी ग्रामीणों को पीठ पर उठाकर पहुंचाना पड़ रहा है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता पंकज ने कहा कि सैंज-देहुरी सड़क पर जिन स्थानों पर डंगे लगने हैं, उन स्थानों का बजट आकलन कर मंजूरी के लिए भेजा गया है।