लारजी (कुल्लू)। पीएमश्री आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सैंज में चल रहे राजकीय महाविद्यालय सैंज को अब अपना अलग अस्थायी परिसर मिल गया है। महाविद्यालय को राजकीय प्राथमिक विद्यालय सैंज के परिसर में शिफ्ट किया जा रहा है। अपना अलग परिसर होने से महाविद्यालय अपनी शैक्षणिक, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों को स्वतंत्र और सुचारु रूप से शुरू कर सकेगा।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुजाता ने कहा कि अपना परिसर होने के अनेक फायदे हैं। महाविद्यालय में लंबे समय से कमरों की कमी थी। नए अस्थायी परिसर मिलने से यह कमी दूर होगी। सैंज कॉलेज का नया भवन एक दशक से सरकार नहीं बना पाई है। ऐसे में कॉलेज सीनियर सेकेंडरी स्कूल सैंज में चल रहा है। संवाद