मनाली मैराथन में 600 से अधिक धावकों ने लिया भाग, रोहतांग तक लगाई दौड़
विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ
..............
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली (कुल्लू)। पर्यटन के विकास और स्वास्थ्य फिटनेस का संदेश देने के लिए मनाली के सैकड़ों धावक दौड़े। रविवार सुबह मनाली मैराथन का आयोजन किया गया। इसमें 600 से अधिक लोगों ने भाग लिया। इसमें विभिन्न प्रदेशों से आए धावकों के साथ देश-विदेश के सैलानी भी आयोजन का हिस्सा बने। मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन का आगाज किया।
प्राकृतिक आपदा के दंश झेलने के बाद बीते साल मनाली में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मैराथन का आयोजन किया गया था। इस साल दूसरी मैराथन का आयोजन हुआ। हिमालयन एकस्ट्रीम स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में हुए इस आयोजन में 600 से अधिक लोगों ने भाग लिया। मालरोड मनाली से पांच वर्ग की अलग-अलग प्रतियोगिता में देश-विदेश के धावक भी भागीदार बने।
मैराथन में 12 साल से लेकर 60 वर्ष तक के धावकों ने भाग लिया। इसमें रूस, इस्राइल और अमेरिका के लोगों ने भाग लिया। रोहतांग के लिए होने वाली 100 किलोमीटर लंबी मैराथन मध्यरात्रि 12:00 बजे शुरू कर दी गई थी। अन्य मैराथन सुबह 7:00 बजे से शुरू हुईं। आयोजक पिंटू ने बताया कि रन फॉर फन, एक किलोमीटर, पांच किलोमीटर, 10 किलोमीटर, 25 किलोमीटर के साथ ही 42 किलोमीटर की हाॅफ और 100 किलोमीटर की फुल मैराथन हुई। फुल मैराथन रोहतांग, हाॅफ मैराथन गुलाबा तक करवाई गई। इसके अलावा कुलंग, गौशाल, नेचर पार्क ओल्ड मनाली और सर्किट हाउस तक भी विभिन्न वर्ग की प्रतियोगिता हुई। इस दौरान एसडीएम रमण कुमार शर्मा, डीएसपी केडी शर्मा भी इस मौके पर मौजूद रहे। संवाद
000रिजल्ट का इंतजार.....................