राहनी नाला में उमड़ी पर्यटकों की भीड़ से लगा जाम।
सोलंगनाला। रोहतांग दर्रा के समीप राहनीनाला तक पर्यटकों की आवाजाही शुरू होने से पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मनाली से लेकर रोहतांग की वादियाें तक सैलानियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। बर्फ से ढकी वादियों और सुहावने मौसम का आनंद लेने के लिए देशभर से पर्यटक बड़ी संख्या में यहां पहुंच रहे हैं। रोहतांग में वाहनों की लंबी कतारें और पर्यटकों की चहल-पहल से पूरा क्षेत्र गुलजार हो उठा है।
अटल टनल, मढ़ी और रोहतांग मार्ग पर दिनभर सैलानियों का तांता लगा रहा। पर्यटन कारोबार से जुड़े होटल, टैक्सी, रेस्तरां और स्थानीय व्यापारियों के चेहरों पर रौनक लौट आई है। वहीं, दूसरी ओर बढ़ती भीड़ के कारण ट्रैफिक व्यवस्था भी बड़ी चुनौती बनती जा रही है। रोहतांग मार्ग पर कई जगह लंबा जाम लगने से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को घंटों परेशान होना पड़ रहा है। सड़क पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे सफर धीमा और मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीजन के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन को अतिरिक्त इंतजाम करने की जरूरत है। एटीवी एसोसिएशन के सदस्य मान चंद ने बताया कि अगर सड़क को जल्द वनवे किया जाए तो जाम से निजात मिल सकती है। अभी सड़क से बर्फ पूरी तरह से नहीं हट पाई है।
रोहतांग मार्ग पर पार्किंग और सड़क चौड़ीकरण का कार्य तेज
मनाली। रोहतांग मार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए पार्किंग और सड़क के चौड़ीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। बीआरओ का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में वाहनों की आवाजाही को सुचारु बनाने के लिए गाड़ियां गुलाबा होकर रोहतांग जाएंगी और वापसी अटल टनल मार्ग से करवाई जाएगी। इससे ट्रैफिक का दबाव कम होने और सैलानियों को राहत मिलने की उम्मीद है।