बंजार उपमंडल के ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सीय टीमें उपलब्ध करवा रहीं मुफ्त दवाइयां
जांच में सर्दी-बुखार और उच्च रक्तचाप से पीड़ित मिल रहे ज्यादातर मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। भारी बारिश और आपदा ने जब गांवों की सड़कें, संचार और बिजली सब छीन लिए, तब भी स्वास्थ्य सेवाएं नहीं रुकीं।
बंजार उपमंडल के दुर्गम इलाकों में चिकित्सकीय टीमें खुद मरीजों तक पहुंचीं, जहां सर्दी-बुखार और उच्च रक्तचाप से जूझ रहे लोग अस्पताल नहीं जा सकते थे। दवाएं भी मुफ्त दी जा रही हैं। उपमंडल बंजार के कई गांवों में बिजली, नेटवर्क और सड़क सुविधाएं प्रभावित हैं। मरीज खराब रास्तों और सड़कों के कारण अस्पताल तक उपचार करवाने के लिए नहीं पहुंच रहे हैं लेकिन स्वास्थ्य विभाग प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंच बनाकर मरीजों का उपचार कर रहा है। इससे प्रभावितों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधा मिल रही है और उपचार के लिए घर से दूर भी जाना नहीं पड़ रहा है।
उपमंडल बंजार के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमों दस्तक दे रहीं हैं। मरीजों का उपचार कर रहीं हैं। हालांकि उपचार के दौरान अधिक मरीज बुखार, सर्दी, जुकाम और उच्च रक्तचाप के मिल रहे हैं। उधर, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीलम शर्मा ने कहा कि भारी बारिश के कारण मरीजों का स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचना संभव नहीं है। ऐसे में विभागीय टीमों का गठन किया गया है। चिकित्सकीय टीम मौके पर जाकर मरीजों का उपचार कर रही है। इसके अलावा उन्हें निशुल्क दवाएं भी वितरित की जा रही हैं।