नग्गर से सटे गांव अरछंडी क्षेत्र की सड़क खस्ताहाल में।-संवाद
नग्गर (कुल्लू)। अरछंडी क्षेत्र की सड़कों की हालत को लेकर लोगों में रोष है। समाजसेवी एवं छात्र संगठन के पूर्व अध्यक्ष मनोहर लाल ठाकुर ने कहा है कि सरकार और लोक निर्माण विभाग की अनदेखी के कारण क्षेत्र की जीवनरेखा मानी जाने वाली सड़कें अब हादसों को न्योता दे रही हैं।
वर्ष 2023 में बारिश के दौरान अरछंडी नाले पर बनी पुलिया पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। आज तक इस पुलिया की सुध नहीं ली गई है। वर्ष 2025 में दोबारा नाला आने के कारण स्थिति और भी दयनीय हो गई है। राऊगी नाला से हिरनी नाला तक का पूरा क्षेत्र गड्ढों में तब्दील हो चुका है।
संगठन के अध्यक्ष मनोहर लाल ठाकुर ने कहा कि आने वाले समय में पर्यटन और फलों का सीजन आने वाला है। ऐसे में ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अगर समय रहते सड़कों की दशा नहीं सुधारी तो लोग सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने पर मजबूर हो जाएंगे।