सांसद बोलीं- नई तकनीक से प्राकृतिक खेती पर बल दे कृषि विभाग
कहा, विभिन्न विभागों के अधिकारी विकास के काम समय पर पूरा करें
दिशा की बैठक में की केंद्र सरकार की ओर से प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। वाहनों की आवाजाही के लिए एनएचएआई ने सड़कें बहाल कर दी हैं। अब इन सड़कों पर टारिंग की जानी चाहिए जिससे लोगों के साथ सैलानियों का सफर सुविधाजनक हो सके।
यह बात सोमवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की त्रैमासिक बैठक में मंडी की सांसद कंगना रणौत ने कही। उन्होंने प्राकृतिक खेती के लिए नई तकनीक के तहत काम करने पर बल दिया। जिला मुख्यालय ढालपुर के बचत भवन में आयोजित बैठक में कंगना ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से विकास के लक्ष्यों को समय पर पूरा करने को कहा।
सुबह करीब 11:00 बजे शुरू हुई बैठक में सांसद ने केंद्र सरकार की ओर से प्रायोजित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के माध्यम से क्रियान्वित की जा रहीं योजनाओं में जहां कमी है, वहां इसका शीघ्र समाधान किया जाए। कंगना ने लोक निर्माण विभाग को आपदा से बंद सड़कों को भी जल्द बहाल करने और शहर में बिजली के तारों को भूमिगत करने की बात कही। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाकर निरीक्षण करने और स्थानीय समुदायों को प्रभावित करने वाली समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नशे के खिलाफ उठाएं प्रभावी कदम, योग, गीता-पुराण पढ़ाएं
सांसद ने नशे के खिलाफ प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग से योग, शास्त्रीय संगीत, गीता और पुराण जैसे विषयों को पाठ्यक्रम में शामिल करने का आग्रह किया। इस पहले उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने सांसद कंगना रणौत सहित सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी का स्वागत किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि समिति के सुझावों पर पूरी निष्ठा से अमल किया जाएगा। बैठक में पुलिस अधीक्षक कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन, अतिरिक्त जिला आयुक्त अश्वनी कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।