कुल्लू-मनाली और औट-सैंज-लुहरी हाईवे भी बंद
महज दस से 15 रूटों पर हो रहा बसों का संचालन
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में भारी बारिश के चलते दो हाईवे और अधिकतर सड़कें बंद हैं। हाइवे और सड़कों पर आवाजाही न होने से परिवहन निगम और निजी बसों के पहिये थम गए हैं।
सरकारी और निजी बसें बस अड्डों पर ही खड़ी हो गई हैं। जिला मुख्यालय और साथ लगते क्षेत्रों में ही बसों का संचालन हो रहा है। इनमें महज दस से 15 रूट ही शामिल होंगे।
गौरतलब है कि अंतर राज्यीय बस अड्डा कुल्लू से पर्यटन नगरी मनाली को जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग रायसन से आगे वाहनों की आवाजाही के लिए बंद है। हाईवे पर जगह-जगह सड़क ब्यास नदी में समा गई है। ऐसे में कुल्लू-मनाली के बीच बस सेवा बंद है। औट-सैंज-लुहरी राष्ट्रीय राजमार्ग भी कई दिनों से बंद है। ऐसे में आईएसबीटी कुल्लू से बंजार और आनी के लिए भी बस सेवा बंद है। अधिकतर ग्रामीण सड़कें भी भूस्खलन के कारण बंद पड़ी हैं। ऐसे में बसों का संचालन करना परिवहन निगम और निजी बस ऑपरेटरों के लिए आसान नहीं हैं। उधर, परिवहन निगम के उपमंडलीय प्रबंधक डीके नारंग ने कहा कि कुछ एक रूटों पर जहां सड़कें सुरक्षित हैं, वहां के लिए बस सेवा जारी है। निगम के अधिकतर रूट बंद चल रहे हैं। संवाद