स्थानीय ग्रामीणों के साथ पर्यटकों को हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। विश्व प्रसिद्ध हिडिंबा देवी मंदिर जाने वाली सड़क वर्षों से बदहाल है। मंदिर से डीपीएस स्कूल तक सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात में गड्ढों में पानी भरने से स्थिति और भी गंभीर हो रही है। चालकों को गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
खराब सड़क के कारण वाहनों के टायर और कलपुर्जे भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। इससे लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीण सुरेश कश्यप, प्रीतम, मेहर चंद और सुनील ने बताया कि सड़क की हालत खराब बनी हुई है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ हिडिंबा मंदिर जाने वाले हजारों सैलानियों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। विभाग और सरकार के समक्ष कई बार सड़क की मरम्मत की मांग उठाई लेकिन आश्वासन ही मिले हैं।
ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क की जल्द मरम्मत करवाई जाए। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता आकाश सूद ने बताया कि मेला मैदान से डीपीएस स्कूल तक सड़क पर पेवर ब्लॉक बिछाए जाने हैं। इसके लिए विभाग ने योजना तैयार कर ली है। जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इस मार्ग पर लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी। संवाद