स्थानीय लोगों के साथ राहगीर भी परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) तीन में दियार चौक के समीप सड़क तालाब बन गई है। पानी की उचित निकासी न होने से वाहन चालकों सहित राहगीरों को दिक्कतें आ रही हैं।
कुटिआगे गांव के लोग फोरलेन सड़क में बने पानी के तालाब की समस्या से परेशान हैं। कई बार जिला प्रशासन और एनएचएआई को अवगत करवाने के बावजूद समस्या हल नहीं हुई है। इसको लेकर स्थानीय लोगों में रोष है।
ग्रामीण ललित, अमर चंद और संजय ने कहा कि जब भी बारिश होती है तो सारा पानी सड़क पर जमा हो जाता है। पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि सड़क में जमा पानी लोगों के घरों की ओर भी आता है। फोरलेन सड़क पर वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। बीच सड़क में बने पानी के तालाब से हादसों की भी आशंका बनी हुई है। समस्या का जल्द समाधान किया जाए, जिससे लोगों को मुश्किलों का सामना न करना पड़े।