लारजी (कुल्लू)। चलेहनण-देवगढ़ सड़क पर निर्माण कार्य के दौरान उड़ रही धूल से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा बढ़ने लगा है। ग्राम पंचायत दुशाहड़ के उपप्रधान हेम राज महंत ने लोक निर्माण विभाग और संबंधित ठेकेदार को चेतावनी दी है कि तीन दिन के भीतर सड़क पर पानी के टैंकर से नियमित छिड़काव शुरू नहीं किया गया तो पंचायत निर्माण कार्य रोकने का प्रस्ताव पारित करेगी।
महंत ने कहा कि सड़क निर्माण के चलते दिनभर धूल-मिट्टी उड़ रही है। इससे सड़क किनारे रहने वाले लोगों को भारी परेशानी हो रही है। घरों में धूल जमा होने से ग्रामीणों का जीना मुश्किल हो गया है। वहीं, स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को भी धूल के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क से उड़ रही धूल किसानों की फसलों, सब्जियों और नर्सरियों को भी नुकसान पहुंचा रही है। इससे क्षेत्र के लोगों में रोष है। इसके बावजूद सड़क पर धूल नियंत्रण के लिए नियमित पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है। उपप्रधान ने लोक निर्माण विभाग और ठेकेदार से मांग की है कि जल्द पानी के टैंकर की व्यवस्था कर सड़क पर नियमित छिड़काव करवाया जाए।