कुल्लू। जिले में दो दिन की बारिश के बाद शनिवार को मौसम साफ हुआ तो लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम खुलने के साथ कृषि-बागवानी के काम ने भी रफ्तार पकड़ ली, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों की दुश्वारियां अभी कम नहीं हुई हैं। जिले में 27 सड़कें बंद होने से ग्रामीणों को आवाजाही और जरूरी कामकाज निपटाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उपमंडल कुल्लू में 15 सड़कें अभी भी बंद हैं। बंजार उपमंडल में बारिश के कारण बंद हुई 20 सड़कों में से आठ को बहाल कर दिया गया है, जबकि 12 सड़कें अभी बंद हैं। उपमंडल मनाली की सभी सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल हैं।
दो दिन तक मौसम खराब रहने के कारण किसान-बागवान खेतों और बगीचों का रुख नहीं कर पाए थे। शनिवार को मौसम साफ होते ही बागवानों ने बगीचों में पहुंचकर सेब और नाशपाती का तुड़ान शुरू कर दिया। किसानों ने भी टमाटर, फूलगोभी समेत अन्य फसलों को कीटों से बचाने के लिए कीटनाशकों का छिड़काव किया।
वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें बंद होने से लोगों को जरूरी कामकाज निपटाने के लिए पैदल ही गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। सड़कें बंद होने के कारण कई किसान-बागवान अपनी फसलों और फल उत्पादों को मंडियों तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं।
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि सड़कों की बहाली के लिए कर्मियों के साथ मशीनरी तैनात की गई है। बारिश के कारण बंद पड़ी सड़कों को जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। संवाद