कुल्लू। मौसम की मार से आम लोगों के साथ बागवानों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। जिले में तीन दिनों से बारिश का दौर जारी है। बुधवार रात के बाद वीरवार सुबह भी कई इलाकों में जमकर बादल बरसे। लगातार बारिश से सड़कों पर आवाजाही जोखिम भरी हो गई है।
मणिकर्ण-बरशैणी सड़क घटीगढ़ के पास बार-बार अवरुद्ध हो रही है। बुधवार रात से सड़क फिर बंद होने के कारण पर्यटकों को जान जोखिम में डालकर पैदल सड़क पार करनी पड़ रही है। सड़क बंद होने से पर्यटकों के वाहन बरशैणी, पुलगा, कालगा और तोष सहित अन्य क्षेत्रों में फंस गए हैं। बसों से पहुंचे पर्यटक भी इस प्वाइंट को पैदल पार कर रहे हैं।
इसके अलावा बुधवार को छेत के पास डंगा गिरने से बंद हुई जगह को एनएच ने दुरुस्त कर दिया है। जिले में कुल 43 सड़कें बंद हैं। इनमें सबसे अधिक 14 सड़कें कुल्लू उपमंडल में बंद हैं। वहीं, मनाली में 10, आनी में आठ, निरमंड में सात और बंजार में चार सड़कों पर बसों समेत अन्य वाहनों की आवाजाही ठप है। सहायक आयुक्त कुल्लू डॉ. जयबंती ठाकुर ने कहा कि बंद सड़कों को खोलने का काम जारी है।