बंजार (कुल्लू)। उपमंडल बंजार की ग्राम पंचायत तांदी में शनिवार को सड़क हादसे में युवक-युवती घायल हो गए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक तांदी संपर्क मार्ग पर वाहन (एचपी-42-6143) हादसे का शिकार हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल बंजार पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रेफर कर दिया। घायलों की पहचान 33 वर्षीय ऋषभ पुत्र अमर लाल और 26 वर्षीय रितिका निवासी मनाली के रूप में हुई है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।