फिसलकर सड़क के नीचे गिरी गाड़ी, यूपी और हरिद्वार के रहने वाले हैं घायल
मनाली में चल रहा उपचार, पुलिस में दर्ज नहीं हो पाई प्राथमिकी
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। लाहौल घाटी में कोकसर के समीप कुटबिहाल क्षेत्र में एक गाड़ी सड़क से नीचे जा गिरी। हादसे में छह पर्यटकों को चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम करीब छह बजे सड़क पर फिसलने के बाद बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर लुढ़क गई।
वाहन में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें दो महिलाएं, दो पुरुष और दो बच्चे शामिल थे। हादसे में सभी को मामूली चोटें आई हैं। घायलों में सूरज गिरधारीवाल पुत्र प्रभाकर निवासी कीपौत्री, जिला शामली, उत्तर प्रदेश, नेहा पत्नी सूरज गिरधारीवाल, दीपांकर पुत्र विनोद कुमार निवासी हरिद्वार, उत्तराखंड, सुरभि पत्नी दीपांकर, शिवनय 5 साल, केशव 6 साल घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को आगामी उपचार के लिए मनाली अस्पताल रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य किया। इस मामले में पुलिस की ओर से प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। संवाद
-