बंजार उपमंडल के छोई नाला के पास शुक्रवार रात को एक महिंद्रा पिकअप गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा चालक की लापरवाही और तेज गति से चलाने से हुआ है। मामले में जांच जारी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात्रि को एक महिंद्रा पिकअप रामपुर से बालीचौकी की तरफ आ रही थी।
जब मालवाहक वाहन बंजार के छोई नाला के पास पहुंचा तो चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन अनियंत्रित होकर 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन चालक फरार हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस का एक दल मौके के लिए रवाना हुआ और शव को अपने कब्जे में ले लिया। हादसे में मृतक की पहचान गुलाब चंद (26) निवासी बझियार बंजार की मौत हो गई है। वहीं वाहन चालक ढेबा राम घटना स्थल से फरार हो गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने कहा कि पुलिस हर पहलू से मामले में जांच कर रही है। वहीं, एएसपी कुल्लू निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी चालक के विरुद्घ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमें दबिशें दे रही है। जल्द आरोपी पुलिस गिरफ्त में होगा।