जिले की सब्जी मंडियों में मिल रहे चोखे दाम
67 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बिका रसीला फल
संवाद न्यूज एजेंसी
खराहल (कुल्लू)। जिले की सब्जी मंडियों में बागवानों को नाशपाती के अच्छे दाम मिल रहे हैं। कीमत बढ़ने से नाशपाती के उत्पादकों के चेहरों पर फिर रौनक छा गई है। दो सप्ताह पहले नाशपाती की कीमत में भारी गिरावट आने से बागवानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा था लेकिन अब एकाएक नाशपाती के दाम में बढ़ोतरी हो गई है। इससे बागवानों को राहत मिली है। रविवार को कुल्लू की बंदरोल सब्जी मंडी में ए श्रेणी की नाशपाती की 67 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बोली लगी। दो सप्ताह पहले 45 से 50 रुपये तक नाशपाती के दाम बागवानों को मिल रहे थे। इसके कारण बागवानों को काफी नुकसान हो रहा था। अब अच्छे दाम मिलने से बागवानों की आर्थिकी मजबूत हो रही है। गौरतलब है कि जिले में इन दिनों नाशपाती का सीजन पीक पर है। घाटी के बागवान अनूप भंडारी, इंद्र राणा, महेश, चमन ठाकुर, अशोक आदि ने कहा कि इस समय निचले क्षेत्रों में नाशपाती अब कम रह गई है, लेकिन ऊंचाई वाले क्षेत्रों से काफी अधिक मात्रा में सब्जी मंडियोें में नाशपाती पहुंच रही है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फलों का आकार और गुणवत्ता काफी अच्छी है। लिहाजा, बागवानों को आने वाले दिनों में बेहतर दाम मिलने की उम्मीद है। बंदरोल आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष नारायण ठाकुर ने कहा कि सब्जी मंडी में रविवार को बढ़िया किस्म की वार्टलेट नाशपाती 67 रुपये प्रतिकिलो बिकी। सदर फल एवं सब्जी उत्पादक संगठन के अध्यक्ष लाल चंद ठाकुर ने कहा कि बागवान सब्जी मंडियों में उचित तरीके से फलों की ग्रेड करके भेजें और फलों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखें।
सब्जी मंडी बंदरोल और भुंतर सहित जिले की अन्य मंडियों में नाशपाती फल के बागवानों को अच्छे दाम मिल रहे हैं। गत सप्ताह नाशपाती 45 रुपये प्रतिकिलो बिक रही थी लेकिन अब 23 रुपये कीमतों में इजाफा हो गया है। इससे बागवानों को आर्थिक लाभ होगा। -शगुन सूद, एपीएमसी सचिव, कुल्लू एवं लाहौल-स्पीति