महासंघ बोला- जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होते, जारी रहेगी काम छोड़ो हड़ताल
पटवारी-कानूनगो पर जानलेवा हमले के विरोध में महासंघ में पनपा रोष
जिले भर में तहसील और पटवार सर्किलों में बंद रखा जाएगा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। पटवारी-कानूनगो पर जानलेवा हमला करने मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी न होने को लेकर महासंघ में रोष पनप रहा है।
संयुक्त ग्रामीण राजस्व अधिकारी एवं कानूनगो महासंघ ने कहा कि जब तक हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उनकी गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक काम छोड़ो हड़ताल जारी रहेगी।
सोमवार को भी जिले भर में तहसील और पटवार सर्किलों में काम बंद रखा जाएगा। महासंघ के जिलाध्यक्ष ऋषभ डोगरा ने कहा कि हालांकि आपातकालीन सेवाएं जारी रखी जाएंगी लेकिन सामान्य तौर पर पटवार सर्किल कार्यालय और फील्ड का कोई भी काम नहीं किया जाएगा। सोमवार को भी जिलेभर में लोगों के राजस्व संबंधित कार्य नहीं हो सकेंगे। अभी तक हमला करने वालों में से एक की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। हालांकि उनमें एक व्यक्ति को समन जारी किए जाने की पुलिस की ओर से बात की गई है लेकिन गिरफ्तारी के नाम पर अभी तक पुलिस की ओर से कोई कार्य नहीं किया गया।
पटवारी स्पेशल रूम में शिफ्ट, बीडीसी अध्यक्ष वीवीआईपी कमरे में भर्ती
घटना में घायल पटवारी भोप सिंह को ट्राॅमा सेंटर से अब स्पेशल रूम में शिफ्ट कर दिया गया है। पुलिस सुरक्षा में उनका उपचार चल रहा है। जानकारी है कि उनके सिर का दर्द काफी बढ़ रहा है। उन्हें दर्द से राहत देने की दवादयां और इंजेक्शन दिए जा रहे हैं। दूसरी तरफ, बीडीसी अध्यक्ष पहले से ही वीवीआईपी कमरे में दाखिल हैं। उनका भी पुलिस निगरानी में यहां उपचार चल रहा है।
यह है मामला
पुलिस को दिए बयान में कानूनगो राजीव शर्मा और पटवारी भोप सिंह ने बताया कि बीडीसी अध्यक्ष के खिलाफ क्षेत्र के ग्रामीणों ने एक शिकायत पत्र दिया था। इसमें उन पर सरकारी जमीन पर कब्जा करने का आरोप है। इसकी निशानदेही करने के लिए नायब तहसीलदार ने आदेश दिए थे। इसी के चलते वह मौके पर निशानदेही करने गए थे लेकिन बीडीसी अध्यक्ष और उनके रिश्तेदारों ने निशानदेही करने से रोका। मामला बढ़ा तो उन्होंने हमला कर दिया।