चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ कुल्लू ने सरकार से मांग
कुल्लू में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से मिला प्रतिनिधिमंडल
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ जिला कुल्लू ने अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदेश सरकार को अवगत करवाया है। गणतंत्र दिवस के मौके पर कुल्लू पहुंचे शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से महासंघ का एक प्रतिनिधिमंडल वरिष्ठ उपाध्यक्ष राम सिंह की अगुवाई में मिला। शिक्षा मंत्री को लंबित मांगों के संबंध में एक मांग पत्र भी सौंपा गया। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राम सिंह ने कहा कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को 58 की बजाय 60 वर्ष की आयु में सेवानिवृत्त किया जाए।
शिक्षा विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से लिपिक के पदों पर पदोन्नति होने से वंचित रह चुके 36 कर्मचारियों को जल्द पदोन्नत किया जाए। इन कर्मचारियों ने 17 से 18 वर्ष दैनिक वेतन भोगी के रूप में अपनी सेवाएं दी है। कई चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी दैनिक वेतन भोगी और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर सेवाएं देते हुए सेवानिवृत हो गए हैं। शिक्षा विभाग में मिड डे मील कर्मचारियों को अभी तक न्यूनतम मानदेय ही दिया जा रहा है। मिड-डे-मील कर्मचारियों के साथ मल्टी टास्क वर्करों के लिए स्थायी नीति बनाई जाए। उन्होंने कहा कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को रात्रि सेवाओं के दौरान कमरों का प्रावधान और उनकी सुरक्षा के लिए सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध करवाए जाएं। वहीं शिक्षा मंत्री ने महासंघ को आश्वासन दिया है कि जल्द ही उनकी मांगों पर गौर किया जाएगा। इस दौरान चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी महासंघ के जिला महासचिव चेतराम प्रभाकर, जमुना, राम लाल, नंद लाल, नरेश, सोहन लाल आदि मौजूद रहे।