कुल्लू के न्योली गांव का रास्ता बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है। मार्ग को ठीक करने में जुटी
कुल्लू। तीन दिन बाद कुल्लू में धूप खिली तो लोगों ने चैन की सांस ली। बारिश का दौर तो थम गया है, लेकिन दुश्वारियां बरकरार हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग अंधेरे में रातें बिता रहे हैं।
भूस्खलन से बंद सड़कों पर यातायात सुचारू नहीं हो पाया है। कई पेयजल योजनाएं अवरुद्ध हैं। स्थिति सामान्य होने में दो-तीन दिन और लग सकते हैं। कुल्लू में सड़क, बिजली और पेयजल बहाली का कार्य तेज हो गया है।
लोक निर्माण विभाग की मशीनरी शनिवार को सड़कों की बहाली में जुटी रही। कुल्लू-मनाली वामतट पर छरूडू के समीप सड़क से भूस्खलन का मलबा हटाने में मशीन डटी रही। अन्य सड़कों पर विभाग की मशीनरी ने काम किया। बिजली की बहाली का प्रयास दिनभर चलता रहा। कई जगह बिजली के तारों पर पोल गिरे हैं।
कुल्लू डिविजन में 13 संपर्क सड़कें बंद हैं। मनाली डिविजन में 40 सड़कें बहाल नहीं हो पाई है। बंजार में भी 19 सड़कें बंद हैं। बिजली बोर्ड के कुल्लू डिविजन में 169 ट्रांसफार्मर बंद हैं। शुक्रवार को कुल्लू में 202 बिजली ट्रांसफार्मर बंद थे। इनमें 30 से अधिक बहाल कर दिए हैं। मनाली और पतलीकूहल में 729 ट्रांसफार्मर ठप हैं। थलौट डिविजन में बिजली के 14 ट्रांसफार्मर अभी सुचारू होना बाकी है। जल शक्ति विभाग की 120 से अधिक पेयजल योजनाओं की बहाली का काम चल रहा है। उधर, उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने कहा कि विभागों को बिजली, पानी और सड़कों की बहाली के लिए निर्देश दिए गए हैं।