आरक्षण से धराशायी हुए अध्यक्ष बनने के अरमान
चुनाव एलान के बाद तेज हुई राजनीतिक सरगर्मियां
मनाली में 4085 मतदाता चुनेंगे सात वार्डों के पार्षद
संजय भारद्वाज
मनाली। नगर परिषद मनाली में आरक्षण रोस्टर ने दिग्गजों के अरमान धराशायी कर दिए हैं। अध्यक्ष पद के दावेदारों को चुनाव लड़ने के लिए कोई जगह नहीं रही। अध्यक्ष बनना है तो वार्ड नंबर एक का रुख करना पड़ेगा। इस बार के चुनाव में 4,085 मतदाता सात पार्षद चुनेंगे। मनाली में इस बार के चुनाव में महिलाओं की अपेक्षा पुरुष मतदाताओं की संख्या अधिक है। शहर में 2,157 पुरुष और 1,928 महिला मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
चुनाव की तिथि निर्धारित होते ही नगर परिषद मनाली में राजनीतिक पारा चढ़ गया है। मनाली के 4,085 मतदाता सात वार्डों का निर्णय करेंगे। मनाली में 1,988 महिला जबकि 2,157 पुरुष मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। नगर परिषद के वार्ड नंबर एक डूंगरी में कुल 369 मतदाताओं में से 181 महिला और 188 पुरुष मतदाता मतदान करेंगे। वार्ड दो भजोगी में 342 महिला और 391 पुरुष, वार्ड तीन स्कूल क्षेत्र में महिला 233 व पुरुष 242, वार्ड चार माडल टाउन में महिला 361 व पुरुष 441, वार्ड पांच मनु मार्किट में महिला 211 और पुरुष मतदाता 270 हैं। वार्ड छह गोंपा क्षेत्र में 273 महिला और 275 पुरुष, वार्ड सात पुलिस स्टेशन क्षेत्र में महिला 327 और 351 पुरुष मतदाता हैं। खास बात यह है कि वार्ड नंबर सात में सर्वाधिक 678 और वार्ड नंबर छह में सबसे कम 530 मतदाता हैं। आरक्षण रोस्टर को लें तो मनाली में सिर्फ एक नंबर वार्ड ही अनारक्षित है। ऐसे में इस वार्ड पर सबकी नजर है। अध्यक्ष पद अनारक्षित होने से कई दिग्गज एक नंबर वार्ड का रुख कर सकते है। उधर, मनाली प्रशासन भी चुनाव की तैयारी में जुट गया है। एसडीएम मनाली गुंजित सिंह चीमा ने कहा कि चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
29, 30 अप्रैल और दो मई को पूर्वाह्न 11 बजे से तीन बजे तक एसडीएम कार्यालय में नामांकन पत्र भरे जाएंगे। छह मई को तीन बजे से पहले नाम वापसी रहेगी। उसी दिन तीन बजे के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 17 मई को मतदान होगा तथा उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे।