उपायुक्त किरन भड़ाना ने मानसून की तैयारियों को लेकर की समीक्षा बैठक
कहा- नोडल अफसर नामित कर आपदा प्रबंधन को उपलब्ध करवाएं सभी विभाग
घटित आपदाओं के स्थलों की सूची तैयार कर कार्य योजना बनाने के भी निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। मानसून से पहले घाटी की सड़कों पर निकास नालियां दुरुस्त कर लें, जिससे मानसून के दौरान किसी तरह की दिक्कत पेश न आए। यह बात उपायुक्त किरन भड़ाना ने शुक्रवार को मानसून सीजन से पहले की तैयारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।
उपायुक्त सभागार कार्यालय केलांग में हुई बैठक में उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों से एक-एक नोडल अधिकारी नामित कर उनकी जानकारी जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को शीघ्र उपलब्ध करवाएं, जिससे आपात स्थिति में संयुक्त प्रयास सुनिश्चित किए जा सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि पूर्व में जिले में घटित आपदाओं के स्थलों की सूची तैयार की जाए और प्रत्येक संभावित आपदा स्थल के लिए त्वरित कार्य योजना पूर्व से तैयार रखी जाए। उपायुक्त ने कहा कि जिन विभागों के पास सैटेलाइट फोन उपलब्ध हैं, उन्हें सक्रिय स्थिति में रखा जाए। उपायुक्त ने खंड विकास अधिकारियों को पंचायत प्रतिनिधियों को आपदा प्रतिक्रिया के प्रति जागरूक करने और प्रशिक्षित करने पर बल दिया। सीमा सड़क संगठन और लोक निर्माण विभाग से आग्रह किया है कि निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों के टेंट नदियों और नालों के किनारे से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किए जाएं।
स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त औषधियां रखने और खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग को पर्याप्त खाद्यान्न भंडारण सुनिश्चित करने को कहा गया। जलशक्ति विभाग को मानसून के दौरान शुद्ध पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा है।