सस्ता होगा घर बनाना, निर्माण सामग्री के साथ वाहन भी होंगे सस्ते
जेब पर हल्की पड़ेगी सीमेंट, उर्वरक और स्वास्थ्य सेवाओं तक हर जरूरत
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। अब अपना घर बनाना, नई कार खरीदना या जीवन बीमा कराना सपना नहीं, हकीकत बनने जा रहा है। सरकार ने निर्माण सामग्री, वाहनों, दवाओं और बीमा सेवाओं पर जीएसटी दरों में बड़ी कटौती कर आम आदमी के बजट को राहत दी है।
सीमेंट से लेकर उर्वरक तक और स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर वाहन तक हर जरूरत अब जेब पर हल्की पड़ेगी। मध्यम वर्ग के लिए यह बदलाव नवरात्रों से पहले एक सकारात्मक तोहफे जैसा है।निर्माण सामग्री पर जीएसटी की दरें दस फीसदी तक कम की गई हैं। इससे निर्माण सामग्री के दामों में कमी आएगी।
वाहनों पर जीएसटी में कटौती से आंतरिक दहन इंजन (आईसीई) और हाइब्रिड वाहनों में एंट्री-लेवल हैचबैक, प्रीमियम हैचबैक, कांपेक्ट सेडान और सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी की कीमतें 8.5 फीसदी तक घटी हैं। इनमें 1,200 सीसी पेट्रोल या 1,500 सीसी डीजल इंजन वाले वाहन भी शामिल हैं।
वाहनों पर 8.5 फीसदी जीएसटी में कटौती होने से वाहनों की कीमतें में कम से कम 50,000 रुपये की बचत होगी। अपना वाहन खरीदने का सपना भी मध्यम और निम्न वर्गीय परिवार के लोग पूरा कर पाएगे। उर्वरकों, जैव कीटनाशकों और कृषि उपकरणों पर जीएसटी को 12 से घटाकर पांच फीसदी किया गया है। व्यक्तिगत स्वास्थ्य और जीवन बीमा प्रीमियम पर टैक्स 18 फीसदी से घटाकर शून्य करने का फैसला देश में तेजी से इंश्योरेंस की पहुंच बढ़ाने में मददगार होगा। दवाओं एवं चिकित्सा उपकरणों पर जीएसटी को घटाकर पांच फीसदी और 33 जीवनरक्षक दवाओं को कर मुक्त करना भी मरीजों के लिए राहत देगा।
सीमेंट पर जीएसटी 28 से घटाकर 18 फीसदी करने से रियल एस्टेट क्षेत्र को फायदा होगा। सीमेंट के दामों में कमी आएगी। इससे किफायती आवास की मांग बढ़ने की उम्मीद है। -चेतराम ठाकुर, भवन निर्माण ठेकेदार
वाहनों की कीमतें 8.5 फीसदी तक घट रही हैं। कम से कम 50,000 रुपये तक सस्ता होने से वाहन खरीदने वालों का अतिरिक्त खर्च बचेगा। नवरात्रों में एडवांस बुकिंग चल रहीं हैं। - विषम ठाकुर, शाखा प्रबंधक टाटा मोटर्स
आभूषण के बक्सों पर जीएसटी को 12 से घटाकर पांच फीसदी किया गया है। इससे खुदरा विक्रेताओं और निर्यातकों के लिए लागत कम होगी। इससे कारोबारी और उपभोक्ता दोनों को लाभ होगा। -प्रदीप जैन, सराफा व्यापारी