विशेषज्ञों की टीम करेगी निरीक्षण, जिले के हजारों बागवानों को होगा फायदा
विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने की है बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी से बात
संजय ठाकुर
पतलीकूहल (कुल्लू)। एचपीएमसी के 40 साल पुराने कोल्ड स्टोर का कायाकल्प किया जाएगा। इसके लिए बाकायदा विशेषज्ञ टीम पतलीकूहल स्थित कोल्ड स्टोर का निरीक्षण करेगी।
निरीक्षण के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जाएगी और उसी के आधार पर संरचना के उन्नयन और मरम्मत का कार्य किया जाएगा। इसका कायाकल्प होने से जिले के हजारों बागवानों को प्रत्यक्ष तौर पर फायदा मिलेगा। गौर रहे कि 40 साल पहले पतलीकूहल में स्थापित एचपीएमसी कोल्ड स्टोर के बार‑बार खराब होने और जुलाई 2025 में ब्यास की बाढ़ में इसकी चहारदीवारी बहने से स्थानीय बागवानों की चिंता बढ़ी है। बागवानों को राहत प्रदान करने के लिए स्थानीय विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने इस मुद्दे को लेकर बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी से बातचीत की है।
हालांकि, कोल्ड स्टोर की सुविधा क्षेत्र के बागवानों के लिए सिर्फ एक भंडारण केंद्र नहीं, बल्कि उच्च मूल्य वाले फलों को सुरक्षित रखने वाली अहम कड़ी है। निरीक्षण के बाद केवल शीघ्र मरम्मत ही नहीं, बल्कि दीवार, संरचना, तापमान नियंत्रण और दीर्घकालिक उपयोग के लिए आवश्यक तकनीकी सुधार का स्पष्ट रोडमैप भी सामने आएगा। इससे घाटी के बागवानों को भविष्य में प्राकृतिक आपदाओं और बाजार की अस्थिरता के समय भरोसेमंद ठंडी भंडारण सुविधा मिल सकेगी जिससे उनकी उपज का मूल्य और गुणवत्ता सुरक्षित रहेगी। उधर, मनाली विधानसभा के विधायक भुवनेश्वर गाैड़ ने कहा कि बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही एक विशेषज्ञ टीम पतलीकूहल में स्थापित कोल्ड स्टोर का निरीक्षण करेगी और उसके आधार पर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। रिपोर्ट मिलने के बाद संरचना के उन्नयन का कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।