मरीजों की शुल्क के भुगतान संबंधी परेशानी होगी कम
कुल्लू अस्पताल में क्यूआर से लिया जाएगा शुल्क
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में अब मरीज पंजीकरण शुल्क ऑनलाइन जमा करवा सकेंगे। अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों की सुविधा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए व्यवस्था को लागू करने का निर्णय लिया है। इससे मरीजों को अब पंजीकरण शुक्ल जमा करने के लिए भटकना भी नहीं पड़ेगा।
बता दें कि क्षेत्रीय अस्पताल में हर एक मरीज से सरकार के आदेशों के बाद दस रुपये पंजीकरण शुल्क लिया जा रहा है, लेकिन दस रुपये खुले न होने के कारण मरीजों को दर्द के बीच पंजीकरण शुल्क जमा करवाने के लिए भटकना पड़ता है।
अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों की इस समस्या को हल करने का निर्णय लिया है। रोगी कल्याण समिति की बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि अस्पताल के पंजीकरण काउंटर पर अब क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण शुल्क लिया जाएगा। इस व्यवस्था को जल्द लागू करने पर मुहर लगी है। इससे मरीजों को ऑनलाइन माध्यम से पंजीकरण शुल्क जमा करने की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा शुल्क संबंधी पारदर्शिता भी बनी रहेगी। इससे मरीज और अस्पताल स्टाफ दोनों पक्षों को फायदा मिलेगा। इस संबंध में अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हीरा लाल ने कहा कि अस्पताल में चार पंजीकरण काउंटर है। इन सभी काउंटर पर जल्द क्यूआर कोड से पंजीकरण शुल्क लेने की सुविधा शुरू कर दी जाएगी। कहा कि अभी मरीजों को पंजीकरण शुल्क ऑफलाइन जमा करवाना पड़ रहा है।