कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में दूरबीन विधि से ऑपरेशन की सुविधा मजबूत करने के लिए एनएचपीसी के पार्वती-तीन पावर स्टेशन ने पहल की है। कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत अस्पताल को लेप्रोस्कोपिक सिस्टम उपलब्ध करवाने के लिए 15 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। इससे अस्पताल में आधुनिक तकनीक से ऑपरेशन करने की सुविधा मिलेगी और कुल्लू सहित आसपास के चार जिलों के मरीजों को लाभ होगा।
इस संबंध में नौ अक्तूबर को एनएचपीसी के बिहाली स्थित पार्वती-तीन पावर स्टेशन के प्रशासनिक भवन में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। एनएचपीसी की ओर से समूह वरिष्ठ प्रबंधक जीटीएस राजू ने पावर स्टेशन प्रमुख सुधीर कुमार की उपस्थिति में समझौते पर हस्ताक्षर किए। वहीं, क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू की ओर से चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सपना शर्मा ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर एनएचपीसी के महाप्रबंधक रंजीत कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सरिता खुराना, उपमहाप्रबंधक पवन कुमार राजपूत और क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. हीरालाल बौध भी मौजूद रहे।