बंजार में रेडक्रॉस यूनिट बंजार की हुई बैठक के दौरान उपस्थित अधिकारी
बंजार (कुल्लू)। रेडक्रॉस की बंजार यूनिट की मंगलवार को बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता यूनिट के अध्यक्ष एवं एसडीएम बंजार पंकज शर्मा ने की। इस दौरान रेडक्रॉस बंजार यूनिट की गवर्निंग बॉडी ने 3,25,000 रुपये का वार्षिक बजट पारित किया। आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी सदस्यों से चर्चा के बाद तैयार की गई। सितंबर के दूसरे सप्ताह रेडक्रॉस यूनिट बंजार वनमंडल अधिकारी सराज के सहयोग से 500 पौधे भी रोपेगी।
सैंज और बंजार के दुर्गम ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। बंजार और सैंज कॉलेज में रेडक्रॉस यूनिट की ओर से रक्तदान शिविर भी लगाए जाएंगे। सर्दी के मौसम के पश्चात पर्यटन क्षेत्र जिभी में उपमंडल स्तर का रेडक्रॉस मेला आयोजित होगा। एसडीएम पंकज शर्मा ने आजीवन सदस्यता ग्रहण करने, क्षय रोगियों को गोद लेने के अभियान का शुभारंभ किया।
बंजार मुख्यालय में प्रस्तावित रेडक्रॉस भवन निर्माण का प्राक्कलन तैयार करने को मंजूरी दी गई। इस भवन में बहूद्देश्यीय हाॅल एवं लाइब्रेरी की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। इस दौरान रेडक्रॉस यूनिट बंजार के गैर सरकारी सदस्य टीसी महंत, गिरधारी लाल, डॉ. जोगिंद्र ठाकुर, तहसीलदार बंजार रमेश भारद्वाज, सचिव मोदगिल और डोला सिंह महंत आदि मौजूद रहे। संवाद