कुल्लू। हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम लिमिटेड के माध्यम से संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की कंपनी में इलेक्ट्रीशियन और फिटर के पदों पर भर्ती की जा रही है। यह बात जिला रोजगार अधिकारी कुल्लू विनोद कुमार ने कही। उन्होंने कहा कि संबंधित ट्रेड में आईटीआई प्रमाणपत्र या डिप्लोमा धारक 20 से 45 वर्ष आयु के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। अनुभवी और बिना अनुभव वाले अभ्यर्थी भी पात्र हैं। आवेदन के समय पासपोर्ट न होने पर चयन के सात दिनों के भीतर इसे बनवाना अनिवार्य होगा। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 1,100 से 1,300 यूएई दिरहम (लगभग 28,900 से 34,000 रुपये) वेतन मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रतिदिन आठ घंटे काम होगा और अतिरिक्त समय का भुगतान अलग से किया जाएगा। कंपनी नियमानुसार भोजन या भोजन भत्ता, आवास, आने-जाने की सुविधा, साप्ताहिक अवकाश, सालाना एक महीने का सवैतनिक अवकाश और हवाई टिकट के लिए 2,700 दिरहम (71,175 भारतीय रुपये) भी प्रदान करेगी। इच्छुक अभ्यर्थी गूगल फॉर्म के माध्यम से 14 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साक्षात्कार 16 और 17 अक्तूबर को होंगे। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय कुल्लू के दूरभाष नंबर 01902-222522 पर संपर्क किया जा सकता है। संवाद