पुलिस ने तेज की एसडीएम पर दुष्कर्म के आरोप के मामले की जांच
आरोपियों पर लटकी गिरफ्तारी की तलवार
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। पुलिस ने एसडीएम विकास शुक्ला सहित तीन लोगों पर एक महिला की ओर से लगाए दुष्कर्म के आरोपों की जांच तेज कर दी है। पुलिस मामले को लेकर विभिन्न विभागों से रिकॉर्ड कब्जे में ले रही है।
इस संबंध में उपायुक्त कार्यालय और एसडीएम कार्यालय कुल्लू से रिकॉड मांगा है। इसके लिए पुलिस ने दोनों कार्यालयों से पत्राचार किया है। रिकॉर्ड में क्या-क्या मांगा है, इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है।
इससे पहले भी जांच टीम ने एक अस्पताल से रिकाॅर्ड लिया है। पीड़ित महिला ने मारपीट करने के बाद अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करने का आरोप लगाया है। आरोपियों पर हाथ डालने से पहले पुलिस ठोस तथ्यों को एकत्रित कर अपने बाजुओं को मजबूत करना चाहती है। महिला ने एसडीएम विकास शुक्ला और दो अन्य लोगों पर मारपीट, दुष्कर्म, सामूहिक दुष्कर्म, गर्भपात करवाने, धमकी और जान से मारने सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। ऐसे में इन लोगों पर गिरफ्तारी की तलवार भी लटक गई है। एसडीएम शुक्ला ने भी महिला के खिलाफ कुल्लू सदर थाना में एफआईआर दर्ज करवाई है। पुलिस अधीक्षक कुल्लू डाॅ. कार्तिकेयन ने कहा कि पुलिस की जांच जारी है।