फनौटी गांव में देवता टकरासी नाग और रावल ऋषि का देव मिलन।
कुल्लू। देवता टकरासी नाग रघुपुर इलाके के फनौटी गांव पहुंचे हैं। देवता नाग का स्वागत खुद रावल ऋषि ने किया है। ढोल नगाड़ों की थाप पर दोनों के बीच भव्य देव मिलन हुआ। देवता का रथ गांव में आने से लोग दर्शन के लिए जुट रहे हैं। महिलाओं ने देवता की धूपबती के साथ पूजा-अर्चना की है। इसके बाद देवता निचली फनौटी, करशाला, कनशैल और कोलथा आदि गांव का दौरा करेंगे।
टकरासी नाग रघुपुर क्षेत्र के अधिष्ठाता देवता हैं और लोगों में गहरी आस्था और श्रद्धा है। देवता के दौरे पर निकलने से इलाके के लोगों में प्रसन्नता है। देवता रावल ऋषि के कारदार लाल चंद, सोहन लाल, मनोहर लाल, उगम राम तथा गोपी चंद ने कहा कि देवता के गांव आने से सुख-शांति और समृद्धि आती है। इस दौरान देवता टकरासी नाग के देवलुओं और गांव फनौटी के लोगों ने कुल्लवी नाटी भी डाली। नाग देवता के कारदार अमर चंद ने कहा कि अभी मंदिर तक पहुंचने में देवता को करीब एक सप्ताह का समय लगेगा। संवाद