कुल्लू। गड़सा घाटी के शिलागढ़ के पंचा और हुरला नाला में मंगलवार देर शाम बादल फटने से आई बाढ़ में राउली गांव के पास बना लोहे का पुल बह गया है। इससे राउली और बगा गांव का संपर्क पूरी तरह टूट गया है।
दोनों गांवों के लोगों के लिए यह पुल आवाजाही का एकमात्र साधन था। इस घटना से लोग सहम गए हैं। घाटी में तीन-चार साल से लगातार बादल फटने की घटना हो रही है।
वहीं, बादल फटने की सूचना के बाद बुधवार को प्रशासन की टीम ने मौके का दौरा किया नुकसान का जायजा लिया गया। तहसीलदार भुंतर नितेश ठाकुर की अगुवाई में टीम ने निरीक्षण किया।
इस पुल निर्माण एनएचपीसी ने किया था, अब प्रशासन ने फिर से एनएचपीसी से गांवों की सुविधा के लिए पैदल पुल बनाने के लिए कहा है। गड़सा घाटी की संपर्क सड़कों को भी नुकसान हुआ है।
कई जगहों पर नालों का पानी खेत और बगीचों में घुस गया है। पारली पंचायत के पूर्व प्रधान राज मल्होत्रा ने कहा कि बादल फटने से किसी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है लेकिन पैदल पुल बहने से लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। उन्होंने प्रशासन ने लोगों की सुविधा के लिए पुल बनाने की मांग की है।
उधर, तहसीलदार भुंतर नितेश ठाकुर ने कहा कि राउली में बहे पुल की जगह नया पुल बनाने की प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने घाटी के लोगों से बरसात के दिनों नालों से दूर रहने की अपील की है।