बैंची स्कूल में दिवाली पर नौनिहालों द्वारा बनाई गई रंगोली। स्त्रोत स्कूल।
कुल्लू। शिक्षा खंड कुल्लू दो की राजकीय केंद्र प्राथमिक पाठशाला बैंची में मंगलवार को दीपावली का पर्व मनाया गया। केंद्र के मुख्य शिक्षक प्रवीण ठाकुर के नेतृत्व में स्कूल में रंगीन दीयों, फूलों और रंगोली से पाठशाला को सजाया। बच्चों ने दीपावली के गीत गाए और कविताएं सुनाई। इस दौरान पोस्टर मेकिंग में कोमल, वंशिका, कुनाल और राधिका ने पहला स्थान पाया है।
दिवांश, रितेश और कार्तिक ने दूसरा स्थान हासिल किया। रंगोली स्पर्धा में हर्षाली, कोमल, विकास और शिवांश ने बाजी मारी है। मुख्यातिथि जीवनबाला ने कहा कि दीपावली पर सभी विद्यार्थियों के घर में दीप जलें, घर आंगन में खुशहाली हो। उन्होंने कहा कि प्रकाश का पर्व हमें सामूहिकता, समर्पण और सहयोग का महत्व सिखाता है। इस अवसर पर अध्यापक हितेंद्र साहसी, सुभाष कुमार, एसएमसी अध्यक्ष गीता कुमारी, चमना देवी और पूजा कुमारी मौजूद रहीं। संवाद