कुल्लू के ढालपुर मैदान में जिला स्तरीय एथलेटिक्स इवेंट के लिए तैयार ट्रैक बारिश के कारण हुआ खरा
कुल्लू। जिला मुख्यालय कुल्लू में होने वाला जिला स्तरीय एथलेटिक्स स्पर्धा स्थगित कर दी है। बारिश के कारण ढालपुर मैदान पानी से लबालब हो गया है। मैदान में फिसलन बढ़ने के कारण दो दिवसीय इवेंट नहीं हो पाया है। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन को खिलाड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए इवेंट को रद्द करना पड़ा है। इवेंट में भाग लेने वाले एथलीट मायूस हैं। एसोसिएशन जल्द बैठक कर इवेंट करवाने के लिए नई तिथि निर्धारित करेगा।
कुल्लू खेल मैदान में 27 और 28 अप्रैल को जिला स्तरीय एथलेटिक्स इवेंट तय किया गया था। इसमें अंडर-14, अंडर-16, अंडर-18, अंडर-20 और ओपन वर्ग की स्पर्धाएं होनी थीं, लेकिन शुक्रवार रात को हुई भारी बारिश के कारण मैदान पानी से भर गया। इससे एसोसिएशन ने इवेंट न करवाने का निर्णय लिया।
जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के महासचिव युवराज वर्मा ने कहा कि बारिश के कारण मैदान गीला था। इसलिए इवेंट को रद्द किया गया है। जल्द इवेंट की नई तिथि निर्धारित कर दी जाएगी। संवाद