सिस्सू (लाहौल-स्पीति)। पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने प्रदेश सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार ने नए टेंडर जारी नहीं करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं लेकिन इसके बावजूद लाहौल के उपमंडल उदयपुर स्थित चिनाब डिवीजन में लगातार टेंडर निकाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि इन कार्यों के लिए बजट का प्रावधान नहीं है तो टेंडर जारी करना नियमों के अनुरूप नहीं है। रवि ठाकुर ने मल्टी टास्क वर्कर्स की नियुक्तियों को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सिस्सू में 21 मल्टी टास्क वर्करों को नियुक्ति की गई है, जिनमें कई कर्मचारी दूरदराज क्षेत्रों से आते हैं। कर्मचारियों को 4000 से 5000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है जो यात्रा किराया, भोजन और अन्य आवश्यक खर्चों के लिए पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि इतने कम वेतन में दूरस्थ क्षेत्रों में कार्य करना कर्मचारियों के लिए आर्थिक रूप से कठिन है। -संवाद